91 साल की उम्र में मीडिया मुगल रुपर्ट मर्डोक लेंगे चौथी पत्नी से तलाक, मात्र 6 साल चली एक्ट्रेस जेरी हॉल से शादी | Media Mugal Rupert Murdoch Heading 4th Divorce at the age 91 year | Patrika News
मर्डोक के नजदीकी सूत्रों के अनुसार दोनों छह साल बाद अपने संबंध को समाप्त करने जा रहे हैं। अमेरीकी मीडिया में रुपर्ट के तलाक को लेकर कई खबरें चल रही है। बताते चले कि मर्डोक ने मार्च 2016 में लंदन में जेरी से शादी की थी। बताते चले कि रुपर्ट मर्डोक की पहली शादी पैट्रिसिया बुकर से हुई थी। यह 1956 से 1967 तक रही। रुपर्ट ने दूसरी शादी अन्ना मारिया टोर्व से की, इन दोनों का यह रिलेशन 1967 से 1999 तक कायम रहा।
बैटमैन व द ग्रैजुएट जैसी फिल्मों में काम कर चुकी मर्डोक की चौथी पत्नी-
इसके बाद मर्डोक ने तीसरी शादी 1999 में वेंडी देंग से की थी, तीसरी पत्नी से उनका रिश्ता 2013 तक चला। फिर तीन साल 2016 में मर्डोक ने जेरी हॉल से शादी की थी। जेरी ‘बैटमैन’ और ‘द ग्रैजुएट’ जैसी कई हॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी हैं। मर्डोक से पहले जेरी हॉल ने रॉक स्टार और सिंगर मिक जैगर से शादी की थी। अब उम्र के आखिरी पड़ाव पर रुपर्ट मर्डोक चौथी पत्नी से तलाक लेने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः रूपर्ट मर्डोक ने 84 साल की उम्र में रचाई चौथी शादी
दुनिया के कई देशों में रुपर्ट मर्डोक के मीडिया संस्थान-
बताते चले कि जेरी और मर्डोक की अब तक कुल 10 संतानें हैं। ये दोनों की अब तक हुई अलग-अलग शादियों से हुई हैं। फॉक्स न्यूज चैनल की मूल कंपनी न्यूजकॉर्प के सीईओ और चेयरमैन रुपर्ट मर्डोक ने जेरी से शादी के बाद बेहद खुशी प्रकट की थी। तब उन्होंने ट्वीट कर कहा था, ‘मैं दुनिया के सबसे लकी और खुश इंसान की तरह महसूस कर रहा हूं। अगले 10 दिनों तक और कोई ट्वीट नहीं करूंगा।’
बताते चले कि रुपर्ट मर्डोक का जन्म आस्ट्रेलिया में हुआ था। लेकिन बाद में उन्होंने अमरीका की नागरिकता ले ली थी। दुनिया के कई देशों में मर्डोक के न्यूज चैनल, पत्रिकाएं, समाचार पत्र और पब्लिकेशंस हैं। फॉक्स न्यूज, वॉल स्ट्रीट जनरल, द सन, द टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान रुपर्ट मर्डोक के हैं।